स्मार्ट सिटी के कार्यों पर धस्माना ने उठाए सवाल
विकास कार्यों की जमीनी पड़ताल कर रहे हैं कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष

विकास कार्यों की जमीनी पड़ताल कर रहे हैं कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना इन दिनों, पूरे देहरादून शहर में घूमते हुए, स्मार्ट सिटी, लोनिवि, नगर निगम की जमीनी पड़ताल करते हुए पोल खोल रहे हैं। इसी क्रम में धस्माना ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर स्मार्ट सिटी के कार्यों पर सवाल उठाए हैं।
धस्माना ने सोमवार को अपने कैम्प कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि पिछले महीने ही देहरादून की तत्कालीन जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की सीईओ सोनिका स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के पूरे होने की घोषणा कर चुकी हैं। धस्माना ने कहा कि सीईओ की घोषणा के बावजूद, देहरादून शहर अब भी बदहाल नजर आ रहा है। इसलिए स्मार्ट सिटी सीईओ को देहरादून की जनता को बताना चाहिए कि स्मार्ट सिटी क्या और कैसे होती है? उन्होने कहा कि क्या चार सड़कों की रंगाई पुताई उनमें प्रकाश व्यवस्था उनकी दीवारों पर रंगीन चित्रकारी करने मात्र से देहरादून स्मार्ट हो गया है? धस्माना ने कहा कि क्या स्मार्ट सिटी के सरकारी अस्पतालों को, देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था को, देहरादून के सरकारी स्कूलों को, देहरादून की सफाई व्यवस्था को शहर के ड्रेनेज सिस्टम,पेयजल,सीवर सिस्टम को बदहाल छोड़ कर शहर को स्मार्ट कहा जा सकता है? उन्होंने कहा कि जिस शहर की साठ फीसदी ट्रैफिक लाइट्स चलती ही ना हों, क्या उसे स्मार्ट सिटी करार दिया जा सकता है। धस्माना ने कहा कि उन्होंने इसलिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट व नगर निगम की पोल खोलने का संकल्प लिया है। जिसमें वो सड़कों के गड्डे, बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था, जल भराव, सीवर की समस्या उठा रहे हैं।