सोनप्रयाग भूस्खलन में मृतकों की संख्या 05 पहुंची
landslide occurred on Kedarnath road late Monday evening

सोनप्रयाग के पास बाधित मार्ग पैदल आवागमन के लिए खुला
देहरादून। सोमवार शाम को केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के चलते सोनप्रयाग के समीप हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या 05 पहुंच गई है। जबकि तीन लोग घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे सोनप्रयाग से एक किमी गौरीकुण्ड की तरफ हाल ही में शुरू हुए भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में कुछ यात्री मलबे में दब गए हैं। सूचना पर पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ व डीडीआरएफ की ओर से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। रेस्क्यू के दौरान देर रात तक इस स्थान से 3 व्यक्ति घायल अवस्था में निकाले गए, जबकि एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला जिसको डॉक्टरों ने बाद में मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि रात के समय खराब मौसम व लगातार मलबा-पत्थर आने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। इसके साथ ही सोमवार शाम को पुलिस ने मार्ग पर आवाजाही बिल्कुल बन्द कर दी थी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मंगलवार तड़के रेस्क्यू टीमों द्वारा रेस्क्यू कार्य दोबारा शुरू किया गया। इस स्थल पर 04 व्यक्ति (3 महिला व 1 पुरुष) अचेत अवस्था में मिले, जिनको डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किया गया है। इस प्रकार इस हादसे में मृतकों की संख्या 05 हो गई है।बाधित चल रहा मार्ग पैदल आवागमन हेतु सुचारु हो गया है सुरक्षा बलों की देखरेख में यात्रियों को सुरक्षित तरीके से सोनप्रयाग की ओर भिजवाया जा रहा है।
घायलों का विवरण
- जीवच तिवारी, निवासी धनवा नेपाल
- मनप्रीत सिंह, निवासी वेस्ट बंगाल
- छगनलाल, निवासी धार मध्य प्रदेश
मृतकों का विवरण
- गोपाल निवासी धार मध्य प्रदेश
- दुर्गाबाई खापर निवासी घाट, मध्य प्रदेश
- तितली देवी निवासी धनवा नेपाल
- भारत भाई निरालाल निवासी सूरत गुजरात
- समनबाई निवासी धार मध्य प्रदेश
—————–